फ़ुटबॉल मैच के दौरान गोलकीपर से भीषण टक्कर के बाद खिलाड़ी की मौत

जीसस डी मिगुएल (दाएं) 2025 में तीन साल के अनुबंध पर टेनेरिफ़ से जुड़े थे

स्पेन के सेकेंड डिविज़न के एक फ़ुटबॉल मैच के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए टेनेरिफ़ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल की मौत हो गई है. उनकी उम्र 30 साल थी.

सोमवार को एंडोरा के ख़िलाफ़ मैच के दौरान गोलकीपर जीसस ओवोनो से ज़ोरदार टक्कर के बाद डी मिगुएल के सिर और सीने में चोटें आई थीं. इस ख़तरनाक मूव के लिए गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाया गया था.

सोमवार को डी मिगुएल की हालत ‘स्थिर लेकिन गंभीर’ बताई गई थी. हालांकि, मंगलवार सुबह उनकी तबीयत और बिगड़ गई. स्पेन के इस फ़ुटबॉलर ने स्थानीय समयानुसार सुबह 8 बजे (भारतीय समयानुसार मंगलवार दोपहर 12.30 बजे) दम तोड़ दिया.

क्लब की ओर से जारी बयान में कहा गया, “दिल टूट गया है, गला रुंधा हुआ है और हमें यक़ीन नहीं हो रहा कि यह सच है. सीडी टेनेरिफ़ जीसस डी मिगुएल अलामेडा के दुखद निधन की घोषणा करता है.”

बयान में आगे कहा गया, “हमारे पास सांत्वना देने के लिए कोई शब्द नहीं हैं. ऐसा कुछ भी नहीं है जो इस भारी दुख को कम कर सके. इस मुश्किल घड़ी में हम उनके परिवार, उनके क़रीबी लोगों और टेनेरिफ़ के सभी लोगों के साथ हैं, जो आज इस दुखद नुक़सान का सामना कर रहे हैं.”

क्लब ने कहा, “जीसस डी मिगुएल का परिवार मिले हर संदेश और समर्थन के लिए आभारी है. साथ ही, इस बेहद मुश्किल समय में उन्होंने अपनी निजता का सम्मान करने की अपील की है.”

खिलाड़ियों में शोक की लहर

मंगलवार सुबह जीसस डी मिगुएल को देखने अस्पताल पहुंचे उनकी टीम सीडी टेनेरिफ़ के एक सदस्य
इमेज कैप्शन,मंगलवार सुबह जीसस डी मिगुएल को देखने अस्पताल पहुंचे उनकी टीम सीडी टेनेरिफ़ के एक सदस्य

बार्सिलोना के पूर्व डिफ़ेंडर जेरार्ड पिके की सह-मालिकाना हक़ वाली टीम एंडोरा ने भी बयान जारी कर शोक जताया.

टीम ने कहा, “हमारा दिल टूट गया है और हम बेहद दुखी हैं. हम जीसस डी मिगुएल के परिवार, उनके सभी साथियों, दोस्तों और सीडी टेनेरिफ़ के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *