
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट का मुक़ाबला अपने रोमांच और कड़ी प्रतिद्वंद्विता के लिया जाना जाता है. लेकिन दोनों टीमों के बीच हालिया मुक़ाबला एक अलग ही माहौल में हुआ.
यह मुक़ाबला हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 में खेला गया, जो आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों के बजाय छह-छह खिलाड़ियों वाली टीमों के बीच खेली जाने वाली एक विशेष प्रतियोगिता है.
पाकिस्तान ने मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर भारत को चार विकेट से हरा दिया. हालांकि, यह नतीजा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शीर्ष स्तर पर दोनों टीमों के बीच होने वाले आम मुक़ाबलों से काफ़ी अलग था.
पाकिस्तान की इस जीत पर प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टीम को बधाई दी.
शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, “हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस 2026 के पहले मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ शानदार चार विकेट से जीत के लिए हमारे खिलाड़ियों को बधाई! यह क्रिकेट का एक अच्छा मुक़ाबला था.”
उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी और उनकी टीम की भी तारीफ़ की. उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारी और उन्हें समर्थन देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की.
हालांकि, प्रधानमंत्री की ओर से इस जीत का सार्वजनिक तौर पर जश्न मनाना सभी को पसंद नहीं आया. क्रिकेट प्रशंसकों ने उन्हें याद दिलाने का मौक़ा नहीं गंवाया कि यह सिर्फ़ हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस था, वर्ल्ड कप नहीं.

शहबाज़ शरीफ़ की पोस्ट पर क्रिकेट प्रशंसकों की तंज़ भरी प्रतिक्रियाएं
सबसे मज़ेदार प्रतिक्रियाओं में से एक पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा की पैरोडी अकाउंट की थी. इस अकाउंट ने व्यंग्यात्मक अंदाज़ में पाकिस्तान को कथित “हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस विश्व कप” जीतने की बधाई दी.